By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
New Orleans Truck Attack: अमेरिका के न्यू ऑर्लियंस में नए साल का जश्न मना रहे लोगों की भीड़ पर “आतंकवादी हमला” हुआ. अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने भीड़ की ओर अपना वाहन मोड़ दिया और लोगों को रौंदते हुए निकल गया. हमले में 15 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा घायल हो गए. शहर की मेयर लाटोया कैन्ट्रेल ने प्रतिष्ठित बॉर्बन स्ट्रीट पर तड़के हुए हमले को आतंकवादी हमला बताया.
हमलावर की पहचान 42 वर्षीय शम्सुद्दीन जब्बार के रूप में हुई है. आरोपी ने वाहन को दुर्घटनाग्रस्त कर दिया, फिर गोलीबारी शुरू कर दी और पुलिस के साथ गोलीबारी में मारा गया. पुलिस के अनुसार, यह घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3:15 बजे फ्रेंच क्वार्टर के मध्य में घटी, जहां नए साल का जश्न मना रहे लोगों की भीड़ थी.
जब्बार ने एक सफेद फोर्ड एफ-150 इलेक्ट्रिक पिकअप गाड़ी को पैदल चलने वालों पर चढ़ा दिया और पुलिस के साथ गोलीबारी में मारा गया. संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने कहा है कि वह इस घटना की जांच ‘आतंकवादी कृत्य’ के रूप में कर रहा है. सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, दो घरेलू बम भी बरामद किए गए हैं.
एफबीआई ने हमलावर की पहचान टेक्सास के 42 वर्षीय अमेरिकी नागरिक और सेना के पूर्व सैनिक शम्सुद्दीन जब्बार के रूप में की है. एएफपी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ऐनी किर्कपैट्रिक ने जब्बार को “आतंकवादी” बताया, जबकि एफबीआई ने कहा कि वाहन में आईएसआईएस का झंडा पाया गया.
एफबीआई ने जब्बार के बारे में एक बयान में कहा, ‘एफबीआई इस व्यक्ति के आतंकवादी संगठनों के साथ संभावित जुड़ाव और संबद्धता का पता लगाने के लिए काम कर रही है. ऐसा प्रतीत होता है कि जब्बार ह्यूस्टन में काम करने वाला एक रियल एस्टेट एजेंट था और उसने सेना में आईटी विशेषज्ञ के रूप में काम किया था.
न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा बताए गए आपराधिक रिकॉर्ड से पता चलता है कि जब्बार पर पहले भी छोटे-मोटे अपराधों के लिए दो मामले दर्ज थे- पहला 2002 में चोरी के लिए और दूसरा 2005 में अवैध लाइसेंस के साथ गाड़ी चलाने के लिए. जब्बार ने दो बार शादी की थी, उसकी दूसरी शादी 2022 में तलाक में समाप्त हो गई जब उसने अपनी पत्नी के वकील को ईमेल में वित्तीय समस्याओं का विवरण दिया.
यह हमला शुगर बाउल के आयोजन से कुछ घंटे पहले हुआ. शुगर बाउल एक वार्षिक कॉलेज फुटबॉल खेल है, जिसमें नए साल के दिन भारी भीड़ और बड़ी संख्या में टेलीविजन दर्शक जुटते हैं. इससे भय और बढ़ गया है. बॉर्बन स्ट्रीट अमेरिका के उन स्थानों में से एक है, जहां बड़े पैमाने पर नववर्ष समारोह आयोजित किए जाते हैं और यह वार्षिक मार्डी ग्रास परेड के लिए प्रसिद्ध है. यह आतंकवादी हमला राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन के अंतिम दिनों में और नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पदभार ग्रहण करने से तीन सप्ताह पहले हुआ है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें