By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
Petrol Diesel Price Hike: नए साल के पहले ही दिन पाकिस्तान सरकार ने लोगों को बड़ा झटका दिया है. साल की शुरुआत के पहले ही दिन पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया. सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत में 56 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. वहीं, डीजल की कीमत में 2.96 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है.
ARY न्यूज के अनुसार, बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की नई कीमत 252.66 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं, हाई-स्पीड डीजल की नई कीमत 258.34 रुपये प्रति लीटर होगी. ये बदलाव ईंधन की कीमतों में नियमित बदलाव के तहत किए गए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार और स्थानीय आर्थिक हालात पर निर्भर करते हैं. पाकिस्तान सरकार ने 15 दिसंबर को पेट्रोल और डीजल की नई कीमतों का ऐलान किया.
ARY न्यूज के अनुसार, एक महीने के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है. ARY न्यूज ने आगे बताया कि पाकिस्तान सरकार पेट्रोलियम लेवी को कम करने में विफल रही है, जिसने पेट्रोलियम कीमतों में वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. पिछले डेढ़ महीने में पेट्रोलियम की कीमतों में 12.14 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है.
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर में पाकिस्तान में विपक्षी दलों ने पेट्रोलियम की कीमतें बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की थी और तर्क दिया था कि इससे मुद्रास्फीति से प्रभावित नागरिकों पर और अधिक बोझ पड़ेगा. सरकार के इस फैसले पर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और जमात-ए-इस्लामी समेत कई प्रमुख विपक्षी दलों ने नाराजगी जताई है.
जियो न्यूज के मुताबिक, जमात-ए-इस्लामी के अमीर हाफिज नईम-उर-रहमान ने पेट्रोलियम कीमतों में हालिया बढ़ोतरी की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘शर्मनाक’ बताया. जमात-ए-इस्लामी नेता ने आम जनता या औद्योगिक क्षेत्र को राहत देने में सरकार की अक्षमता की आलोचना की. जानकारी के मुताबिक, 16 अक्टूबर के बाद से हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 12.14 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जबकि इस दौरान पेट्रोल की कीमत में 5.07 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है.