By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
DND Toll Latest Update: अगर आप भी दिल्ली से नोएडा या फिर नोएडा से दिल्ली तक का सफर करते हैं तो यह खबर आपके काम की है. लाखों यात्रियों को राहत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली-नोएडा-डायरेक्ट (DND) फ्लाईवे टोल-फ्री ही रहेगा. साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने DND के लिए टोल टैक्स खत्म करने के आदेश के खिलाफ NOIDA टोल ब्रिज कंपनी लिमिटेड (NBTCL) की याचिका खारिज कर दी है. सर्वोच्च न्यायालय ने इस दौरान यात्रियों से लगातार पैसे ऐंठने के लिए नोएडा अथॉरिटी को फटकार भी लगाई है.
शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की इस टिप्पणी को बरकरार रखा कि कंपनी ने 8-लेन की DND फ्लाईवे के निर्माण पर हुए रिटर्न, ब्याज और लागत को वसूल कर लिया है और अब वह और पैसे की हकदार नहीं है. न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए फैसला सुनाया.
पीठ ने प्राइवेट फर्म नोएडा टोल ब्रिज कंपनी लिमिटेड (NBTCL) को टोल कलेक्शन सौंपने के लिए नोएडा प्राधिकरण (NOIDA Authority) की भी खिंचाई की और कहा कि इससे अनुचित लाभ हुआ है. इसने यह भी कहा कि एनटीबीसीएल को कॉन्ट्रैक्ट देना ‘अन्यायपूर्ण और अनुचित’ था. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अक्टूबर 2016 में कहा था कि DND फ्लाईवे का उपयोग करने वालों से कोई टोल नहीं वसूला जाएगा. कोर्ट ने कंपनी से कहा था कि उसने 2001 में जनता के लिए खोले जाने के बाद से 10 वर्षों में पर्याप्त टोल जमा कर लिया है.
यह आदेश तब पारित किया गया जब हाईकोर्ट ने फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की जनहित याचिका को स्वीकार कर लिया. NBTCL द्वारा प्रबंधित 9.2 किलोमीटर लंबी सड़क नोएडा को दक्षिणी दिल्ली से जोड़ती है. DND फ्लाइवे पर रोजाना लगभग 1 लाख वाहन चलते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें