महाराष्ट्र में फिर 'Twist'! महायुति की मुंबई में होने वाली बैठक रद्द; अचानक गांव रवाना हुए एकनाथ शिंदे

Maharashtra CM News: बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस लगभग खत्म हो चुका है, लेकिन विभागों के बंटवारे पर अब भी बादल छाए हुए हैं. शिंदे को जो मंत्रालय दिये जा रहे हैं उनसे वह नाखुश हैं.

Updated: November 29, 2024 2:27 PM IST

By Parinay Kumar

महाराष्ट्र में हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है. (Photo: ANI)
महाराष्ट्र में हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है. (Photo: ANI)

Maharashtra CM News: महाराष्ट्र चुनाव के रिजल्ट आए एक हफ्ते बीतने के बाद भी राज्य में अब तक सरकार का गठन नहीं हो सका है. हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत हासिल हुआ है. हालांकि मुख्यमंत्री को लेकर अब तक सस्पेंस बना हुआ है. सूत्रों से खबर है कि देवेंद्र फडणवीस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. अमित शाह से साथ दिल्ली में गुरुवार को हुई बैठक में एकनाथ शिंदे को यह संकेत दे दिया गया कि फडणवीस ही मुख्यमंत्री होंगे. एकनाथ शिंदे शुरुआत में डिप्टी CM के लिए तैयार नही थें, लेकिन बाद में उनका रुख नरम हुआ. शिंदे गृह मंत्रालय अपने पास चाहते हैं. लेकिन अब मंत्रालय के बंटवारे पर भी पेंच फंसा हुआ है.

शिंदे-फडणवीस और अजित पवार की होनी थी बैठक

मुंबई में महायुति गठबंधन के तीनों नेताओं की आज शाम (29 नवंबर) को बैठक होनी थी, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक वह रद्द हो गई है. बैठक से पहले ही एकनाथ शिंदे अचानक अपने गांव सतारा रवाना हो गए. NDTV ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि एकनाथ शिंदे सतारा में अपने गांव जा रहे हैं और उनके लौटने के बाद बैठकें होंगी. उनकी अचानक गांव जाने की योजना के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे सरकार गठन की बातचीत से नाखुश हैं. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद को लेकर तो अब कोई सस्पेंस नहीं है, लेकिन मंत्रियों के विभागों के बंटवारे पर पेंच फंसा हुआ है.

शाह संग बैठक के बाद क्या बोले थे शिंदे?

अमित शाह से साथ हुई बैठक के बाद एकनाथ शिंदे ने चर्चा को ‘अच्छा और सकारात्मक’ बताया था. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री पर निर्णय राज्य की राजधानी में महायुति गठबंधन की एक और बैठक में लिया जाएगा. उन्होंने पत्रकारों से यह भी कहा कि वे राज्य में सरकार गठन में बाधा नहीं बनेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की तरफ से लिए गए फैसले का सम्मान करेंगे.

चुनाव में किसे कितनी सीटें?

महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं. तीनों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा और बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में महायुति गठबंधन को 235, जबकि विपक्षी महाविकास अघाड़ी को 49 सीटें मिली हैं. भारतीय जनता पार्टी ने 149 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 132 पर उसे जीत हासिल हुई. वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 57 और अजित पवार की NCP को 41 सीटें मिली हैं. राज्य में सरकार गठन के लिए 145 सीटें चाहिए.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.