By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
Delhi Assembly Election: देश की राजधानी दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है. भाजपा को झटका देते हुए पूर्व विधायक और समाजसेवी जितेंद्र सिंह शंटी गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए. AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. शंटी साल 2013 में BJP से विधायक रह चुके हैं. केजरीवाल ने उनका ‘आप’ में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी.
मशहूर समाजसेवी और पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार कराने, बीमार लोगों को एंबुलेंस उपलब्ध कराने वाले और खुद 100 से अधिक बार रक्तदान करके रिकॉर्ड बना चुके हैं. वह 2013 में शाहदरा सीट से BJP के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे. राम निवास गोयल के ‘आप’ से इस्तीफे के बाद शंटी को शाहदरा से टिकट मिलना लगभग तय माना जा रहा है.
दिल्ली को आगे बढ़ाने के इस सफ़र में जितेंद्र सिंह शंटी जी का स्वागत है। कोरोना महामारी के दौरान शंटी जी ने मानवता की खूब सेवा की थी। इसी जज़्बे और जुनून के साथ मिलकर दिल्लीवासियों की सेवा करेंगे। pic.twitter.com/RBOe8InacO
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) December 5, 2024
अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा है कि जितेंद्र सिंह शंटी के पार्टी में आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी. जिस तरीके से उन्होंने काम किया है और उनकी समाज सेवा को देखते हुए लोग इन्हें एंबुलेंस मैन और अलग-अलग नामों से बुलाते हैं. यह बहुत ही गर्व की बात है. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति मृत लोगों के लिए काम करता है वह बड़े दिल का ही हो सकता है, क्योंकि मृत लोगों से वोट नहीं मिलता है. मुझे बताया गया है कि उन्होंने अब तक 70 हजार से ज्यादा लावारिस शवों का सम्मान पूर्वक अंतिम संस्कार करवाया है.
करोना काल में जब लोग अपनों के शवों को लेने से कतराते थे, उस समय जितेंद्र सिंह शंटी ने एक जिम्मेदार नागरिक और समाजसेवी की भूमिका निभाई. उन्हें उस वक्त करोना हो गया था और परिवार की चिंता न करते हुए उन्होंने अपना काम जारी रखा. इसलिए इन्हें पद्मश्री से नवाजा गया था. अरविंद केजरीवाल ने खुद को और जितेंद्र सिंह शंटी को शहीद-ए-आजम भगत सिंह का चेला बताया. उन्होंने बताया कि जब यह सरकार में भी आएंगे और सरकारी तंत्र उनके साथ जुड़ेगा तो उनके काम को बल मिलेगा.
(इनपुट: एजेंसी)