By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
Baba Siddique Murder Case: बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद गिरफ्तार शूटरों ने कई राज खोले हैं. खबर है कि करीब 2 महीने पहले मारे गए बाबा सिद्दीकी के शूटरों ने NCP नेता को गोली मारने से पहले अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) को मारने की योजना बनाई थी. बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान यह खुलासा किया. 66 साल के बाहा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को मुंबई में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के बांद्रा ईस्ट स्थित कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. तीन हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं, जो उनके सीने में दो बार लगीं. उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
India Today ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूला कि सलमान खान शूटरों की हिट लिस्ट में थे, लेकिन अभिनेता की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे उन तक नहीं पहुंच सके. 14 अप्रैल को दो बाइक सवार हमलावरों ने देर रात सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर फायरिंग भी की थी. शूटर विक्की गुप्ता और सागर पाल को बाद में गुजरात में गिरफ्तार किया गया. बाद में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने इस घटना की जिम्मेदारी ली थी.
हाल के महीनों में सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कई धमकियां मिली हैं. पिछले महीने लॉरेंस बिश्नोई का भाई होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति ने सलमान खान को धमकी दी थी. कॉल करने वाले ने अभिनेता से मंदिर जाकर काले हिरण को मारने के लिए माफी मांगने या 5 करोड़ रुपये देने के लिए कहा था.
अक्टूबर में जमशेदपुर के एक सब्जी विक्रेता को सलमान खान को धमकाने और 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. कुछ ही दिनों बाद, अभिनेता को एक अज्ञात व्यक्ति से फिर से जान से मारने की धमकी मिली, जिसने 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी. मुंबई पुलिस ने सलमान खान को धमकी भरे कॉल के सिलसिले में नोएडा से एक 20 साल के शख्स को भी गिरफ्तार किया.
बढ़ती धमकियों के बाद सलमान खान को Y+ सुरक्षा प्रदान की गई और उनके आवास के बाहर पुलिस की कड़ी मौजूदगी है. मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए चेहरे की पहचान तकनीक के साथ AI ऑपरेटिव और हाई रेजोल्यूशन वाले CCTV कैमरे भी लगाए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें