By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
Success Story: आईआईटी-दिल्ली के पूर्व छात्रों चित्रांशु महंत और अमन वर्मा ने 2015 में एक सपना देखा—छात्रों के लिए सस्ता और सुविधाजनक लैपटॉप बनाने का. विदेशी ब्रांड्स के महंगे विकल्पों को देखते हुए, उन्होंने 2018 में ‘फ्लॉयडविज टेक्नोलॉजीज’ नाम की कंपनी शुरू की और अपने खुद के ऑपरेटिंग सिस्टम ‘प्राइमओएस’ को विकसित किया. उनका उद्देश्य एक ऐसा लैपटॉप बनाना था जो एंड्रॉइड की सरलता और लैपटॉप की शक्ति का मिश्रण हो. 2023 में शार्क टैंक इंडिया में मिली पहचान ने उनकी कंपनी को तेजी से बढ़ने का मौका दिया.
प्राइमबुक खासतौर पर छात्रों के लिए डिजाइन किया गया है. यह हल्का, छोटा और उपयोग में आसान है. इसमें कंपनी का ‘प्राइमओएस’ चलता है, जो एंड्रॉइड 11-बेस्ड है. दो मॉडल उपलब्ध हैं—प्राइमबुक 4G और प्राइमबुक वाई-फाई. इनकी कीमत 10,000 से 14,000 रुपये के बीच है. लैपटॉप में 4GB रैम, 64GB स्टोरेज और 11.6 इंच की स्क्रीन है. इनमें सभी एंड्रॉइड ऐप्स और गेम्स आसानी से चल सकते हैं. कम कीमत और दमदार फीचर्स के चलते यह छात्रों और संस्थानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
जनवरी 2023 में, प्राइमबुक को शार्क टैंक इंडिया में अमन गुप्ता और पीयूष बंसल से 3% इक्विटी के बदले 75 लाख रुपये का निवेश मिला. इसके बाद मार्च 2023 में प्राइमबुक ने व्यावसायिक लॉन्च किया. वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी ने 22,000 लैपटॉप बेचे और 35 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इस साल अब तक 40,000 लैपटॉप बिक चुके हैं और 55-60 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है. कंपनी का लक्ष्य इस वित्त वर्ष के अंत तक 80 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूना है.
प्राइमबुक की खासियत न केवल इसके फीचर्स में है, बल्कि इसकी सेवा में भी है. कंपनी लैपटॉप पर एक साल की वारंटी देती है और सर्विस के लिए घर से पिकअप और ड्रॉप की सुविधा प्रदान करती है. यह ब्रांड ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. ‘मेड इन इंडिया’ टैग ने इसे छात्रों और संस्थानों के बीच और भी लोकप्रिय बनाया है. आज प्राइमबुक किफायती और गुणवत्तापूर्ण तकनीक का पर्याय बन चुका है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Career Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें