By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक जंगली हाथी ने 60 साल एक शख्स को कुचलकर मार डाला. अधिकारियों के हवाले से न्यूज एजेंसी PTI ने इसकी जानकारी दी. कटघोरा के डीएफओ कुमार निशांत ने बताया कि घटना बुधवार रात पाली उप-रेंज के वन क्षेत्र के थड़पखान गांव की है, जब मेवा राम धनुहार अपने घर पर थे. उन्होंने बताया कि हाथी की मौजूदगी का आभास होने पर वह घर के पीछे अपने सब्जी के बगीचे में गए तो उन्हें हाथी दिखा. वन अधिकारी ने बताया कि हाथी ने धनुहार को अपनी सूंड से पकड़ लिया और कुचलकर मार डाला. उन्होंने बताया कि इससे पहले बुधवार को इसी हाथी ने पास के मुड़ाभाटा गांव में एक बैल पर हमला कर उसे मार डाला था.
DFO ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक के परिवार को सरकार की तरफ से तत्काल 25,000 रुपये का मुआवजा दिया गया और शेष 5.75 लाख रुपये का मुआवजा भी जल्द दिया जाएगा.
पिछले एक दशक से छतीसगढ़ के उत्तरी भाग में मानव और हाथी का संघर्ष काफी बड़ी चिंता का कारण रहा है. हाल के दिनों में हाथियों का ये हमला राज्य के मध्य क्षेत्र में भी काफी बढ़ गया है. राज्य के सरगुजा, रायगढ़, कोरबा, सूरजपुर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बालोद, बलरामपुर और कांकेर जिलों में हाथियों के हमले और उत्पात से जुड़ी खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं. बीते पांच सालों में राज्य में 310 लोग इन हमलों में अपनी जान गवां चुके हैं. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने ही कोरबा जिले में हाथी ने तीन महिलाओं को मार डाला था.
(इनपुट: भाषा)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Chhattisgarh की और अन्य ताजा-तरीन खबरें