By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
Hemant Soren Cabinet Expansion: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को नई सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार किया. झारखंड कैबिनेट विस्तार में 11 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली. इनमें 6 नए चेहरों को शामिल किया गया है. राज्यपाल संतोष गंगवार ने राजभवन में आयोजित समारोह में सभी नवनियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इन मंत्रियों में झारखंड मुक्ति मोर्चा से दीपक बिरुआ, रामदास सोरेन, हफीजुल हसन, सुदिव्य कुमार सोनू, योगेंद्र महतो और चमरा लिंडा शामिल हैं. कांग्रेस खेमे से दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी, राधाकृष्ण किशोर और शिल्पी नेहा तिर्की को मंत्री बनाया गया है. वहीं, राष्ट्रीय जनता दल से संजय प्रसाद यादव को कैबिनेट में जगह दी गई है.
इन मंत्रियों से पहले राज्यपाल ने JMM के वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी को विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के तौर पर शपथ दिलाई गई. राजभवन के अशोक उद्यान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सीएम हेमंत सोरेन, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव जयप्रकाश नारायण यादव सहित कई महत्वपूर्ण लोग उपस्थित रहे.
अबुआ सरकार के मंत्रिपरिषद की शपथ लेने के लिए सभी माननीय मंत्रियों को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।
झारखण्ड के वीर पुरुखों के सपनों और राज्यवासियों के आशाओं एवं आकांक्षाओं को पूरा कर सोना झारखण्ड का निर्माण हमें मिलकर करना है।
जय झारखण्ड!
जय जय झारखण्ड! pic.twitter.com/QoIMgOPoq4— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) December 5, 2024
नवगठित कैबिनेट में 6 नए और पांच पुराने चेहरे हैं. नए मंत्रियों में राधाकृष्ण किशोर, सुदिव्य सोनू, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, शिल्पी नेहा तिर्की और संजय यादव शामिल हैं. सत्तारूढ़ गठबंधन में इस बार 8 महिलाएं चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं. इनमें से 2 को कैबिनेट में जगह मिली है. कैबिनेट में राज्य के पांचों प्रमंडलों को प्रतिनिधित्व दिया गया है.
संथाल परगना से सर्वाधिक चार मंत्री बनाए गए हैं. कोल्हान, दक्षिणी छोटानागपुर और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल से दो-दो और पलामू प्रमंडल से एक विधायक को मंत्रिमंडल में जगह मिली है. सरकार ने मंत्रिमंडल में विभिन्न समुदायों को प्रतिनिधित्व देकर सामाजिक-राजनीतिक समीकरणों को साधने का प्रयास किया है. अनुसूचित जनजाति से चार, अनुसूचित जाति से एक, ओबीसी से तीन, अल्पसंख्यक समुदाय से दो और सवर्ण समुदाय से एक विधायक को प्रतिनिधित्व दिया गया है.
मालूम हो कि हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में सोरेन के नेतृत्व वाले चार दलों के गठबंधन ने 56 सीटों पर जीत हासिल की थी. झारखंड मुक्ति मोर्चा को 34, कांग्रेस को 16, राजद को चार और भाकपा (माले) को दो सीटें मिली थीं. भाकपा माले ने मंत्रिमंडल से बाहर रहने का फैसला किया था. हेमंत सोरेन की पिछली सरकार के 7 मंत्री इस बार कैबिनेट में नहीं दिखेंगे.
पूर्व की सरकारों में सबसे बुजुर्ग मंत्री रहे रामेश्वर उरांव को इस बार जगह नहीं मिल पाई. चार पूर्व मंत्री बेबी देवी, हफीजुल हसन, मिथिलेश ठाकुर और वैद्यनाथ राम चुनाव हार गए. सत्यानंद भोक्ता इस बार चुनाव नहीं लड़ पाए, जबकि चंपई सोरेन पहले ही सत्तारूढ़ गठबंधन को अलविदा कहकर भाजपा में शामिल हो गए थे.
JMM से कौन-कौन बना मंत्री?
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें