By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
एक तरफ जहां उत्तर भारत के राज्यों में सुबह के वक्त हल्की-हल्की ठंड का अहसास होने लगा है. वहीं, साउथ साइड में चक्रवाती तूफान की हलचल दिखाई दे रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें, तो ओडिशा और पश्चिम बंगाल से सटे तटों पर तूफान का साया मंडरा रहा है. दोनों ही राज्यों में अगले दो-तीन दिन भारी बारिश होने की संभावना है. तूफान के अलर्ट को देखते हुए, ममता सरकार ने एक आदेश जारी किया है. उन्होंने मंगलवार को घोषणा की कि एहतियात के तौर पर 9 जिलों में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल बुधवार (23, अक्टूबर) से 26 अक्टूबर तक बंद रहेंगे.
उन्होंने कहा राज्य प्रशासन आसन्न चक्रवात के कारण होने वाली किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार है. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और एसडीआरएफ की टीमें पहले ही तैनात कर दी गई हैं. इसके अलावा, राज्य और जिला स्तर पर चौबीसों घंटे एकीकृत नियंत्रण कक्षों का संचालन किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिण और उत्तर 24 परगना जिले, पूर्व मेदिनीपुर और इसके तटीय क्षेत्रों पर चक्रवात का गंभीर असर पड़ने की आशंका है. ममता ने आगे कहा, पश्चिम मेदिनीपुर के अलावा पड़ोसी जिलों- बांकुड़ा, झारग्राम और हुगली के भी प्रभावित होने की संभावना है. इसलिए, एहतियात के तौर पर इन जिलों में 23 से 26 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे. हम किसी भी तरह का कोई जोखिम नहीं लेना चाहते.
राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुड़ा, हावड़ा, हुगली और कोलकाता जिलों में बुधवार (23, अक्टूबर) से 26 अक्टूबर तक शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे.
बता दें कि भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मंगलवार सुबह गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर पूर्वी तट की तरफ बढ़ गया और इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. आईएमडी की तरफ से कहा गया कि दबाव क्षेत्र के 23 अक्टूबर तक एक चक्रवाती तूफान और 25 अक्टूबर तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के आसार हैं. जो पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों को प्रभावित करेगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें