By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
Haryana Accident: करनाल में एक तेज रफ्तार थार ने पहले तो बाइक सवार को टक्कर मारी. इसके बाद थार चालक ने गाड़ी का ब्रेक लगाए बिना बाइक सवार को करीब एक किलोमीटर तक घसीटा. ये घटना शहर के बीचो बीच अस्पताल चौक के निकट हुई.
इस घटना को अंजाम देने के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया. घटना होने के बाद आसपास के कुछ युवकों ने थार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वो नेशनल हाईवे पर बाइक को छोड़कर भाग निकला. इस हादसे में बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आई हैं. घटना के फौरन बाद बाइक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घटना की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अब तक थार चालक की पहचान नहीं हो पाई है, न ही उस जीप में अन्य कौन लोग सवार थे. बाइक सवार की हालत गंभीर बताई जा रही है, और उसकी स्प्लेंडर बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है.
पुलिस ने बताया कि उन्होंने एक वीडियो भी देखा है, जिसमें थार बाइक को घसीटते हुए दिख रही है. इलाके में थार चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है. पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और आगे की कार्रवाई के लिए प्रयास कर रही है.
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, “ये व्यक्ति थार कार से शहर के सेक्टर 13 की तरफ से आ रहा था. इससे पहले उसकी कार से टक्कर लगने से एक महिला भी बाल-बाल बची थी. इसके बाद कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी और भगाता हुआ ले गया. मोटरसाइकिल कार के अगले हिस्से में फंस गई थी. बाइक को घसीटते हुए कार चालक ने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी. इसके अलावा उसने एक रिक्शा चालक को भी टक्कर मार दी.’
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया, ‘अभी-अभी डायल 112 पर मिली जानकारी के बाद हम मौके पर पहुंच गए हैं. इस हादसे को लेकर हम आईओ को मौके पर बुला रहे हैं. आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मैंने मोटरसाइकिल के घसीटते हुए वीडियो देखी है. उसका बहुत बुरा हाल है.’
(Source – IANS)