गांधीनगर में गणेश विसर्जन के दौरान नदी में डूबे 10 लोग, आठ के शव बरामद

Gujarat News: निर्माणाधीन चेक डैम होने के कारण हाल ही में नदी का जल स्तर बढ़ गया था. लोगों को चेतावनी भी जारी की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज किया.

Published: September 13, 2024 11:33 PM IST

By Gargi Santosh

गांधीनगर में गणेश विसर्जन के दौरान नदी में डूबे 10 लोग, आठ के शव बरामद

गुजरात की राजधानी गांधीनगर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां एक नदी में गणपति विसर्जन के दौरान 10 लोग डूब गए, जिनमें से आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. वहीं, बाकी के बचे दो लोगों के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है. हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल और स्थानीय पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गई. फिर लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान चलाया. इस दौरान, टीम को 8 लोगों के शव बरामद हुए और बाकी दो के लिए तलाश जारी है.

लापता को ढूंढने के लिए बचाव अभियान जारी

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दहेगाम के वासना सिगथी गांव में हुई, जहां एक समूह मूर्ति विसर्जन के लिए इकट्ठा हुआ था. उन्होंने बताया कि विसर्जन समारोह के दौरान मेसवो नदी के चेक डैम में पानी के बहाव में दस लोग बह गए. अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय प्रशासन, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों को तुरंत सूचित किया गया और बचाव अभियान शुरू किया गया.

ये भी पढ़ें: तिहाड़ से CM आवास पहुंचे केजरीवाल, मां ने उतारी आरती; सिसोदिया-भगवंत ने किया गले लगाकर स्वागत

लोगों ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया

अधिकारी ने आगे कहा कि ग्राम पंचायत की चेतावनी और विसर्जन के लिए सुरक्षित क्षेत्र की स्थापना के बावजूद, कुछ उत्साही युवक चेक डैम में घुस गए. तेज बहाव के कारण वह डूब गए, जिसके चलते यह त्रासदी हुई. स्थानीय विधायक बलराज सिंह चौहान ने कहा कि अधिकारियों ने सावधानी बरतने की सलाह दी थी. समारोह के लिए सुरक्षित क्षेत्र बनाया था, लेक‍िन कुछ लोगों ने चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ.

आस-पास के ग्रामीणों और मौजूद लोगों ने पीड़ितों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हुए. अधिकारी ने कहा कि बचाव दल शेष लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं, और अभियान अभी भी जारी है.

बीते छह दिनों में 15 लोगों की मौत

आपको बता दें कि पिछले छह दिनों में गुजरात में गणपति विसर्जन के दौरान डूबने की यह चौथा हादसा है. सब हादसों को मिलाकर अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है. इससे पहले बुधवार पाटन जिले में भी इसी तरह की दुर्घटना हुई थी, जहां गणेश विसर्जन के दौरान चार लोग डूब गए थे. इसके अलावा, नडियाद में 2 और जूनागढ़ में एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Gujarat की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.