By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
New Year 2025: देश की राजधानी दिल्ली में अगर आप भी नए साल के जश्न की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है. दिल्ली पुलिस ने साल के आखिर दिन यानी 31 दिसंबर को लेकर खास बंदोबस्त किया है. दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में रात 8 बजे के बाद से गाड़ियों की एंट्री भी बैन हो जाएगी. एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) डीके गुप्ता ने बताया कि रात 8 बजे के बाद कनॉट प्लेस में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए स्टिकर वितरित किए गए हैं. साथ ही कनॉट प्लेस में 10 स्थानों पर वाहनों के साथ प्रवेश पर रोक लगाई गई है. दिल्ली पुलिस हर साल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए न्यू ईयर इव पर सुरक्षा इंतजाम करती रही है.
राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के करीब 20 हजार जवानों को तैनात किया गया है. अधिकारियों के हवाले से न्यूज एजेंसी PTI ने इसकी जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में भी तैनाती बढ़ा दी है. पुलिस ने बताया कि गुंडागर्दी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम लगाने के मकसद से ट्रैफिक पुलिस, अर्धसैनिक बलों समेत करीब 20 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.
पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) देवेश कुमार महला ने कहा कि क्लबों, होटलों, रेस्तरां, पब, मॉल, भोजनालयों तथा पार्कों में बड़ी भीड़ एकत्र होने की संभावना है और कनॉट प्लेस/कनॉट सर्कल, खान मार्केट, द ललित, इंपीरियल, पार्क, रॉयल प्लाजा, शांगरी-ला, ली मेरिडियन, ताज महल, ताज विवांता, मेट्रोपॉलिटन, क्लैरिजेस, अशोका, सम्राट, ITC मौर्य एवं ताज पैलेस, इंडिया गेट, ‘सी’ हेक्सागन और कर्तव्य पथ समेत मंदिरों एवं गुरुद्वारों समेत 5 सितारा होटलों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी. DCP ने बताया कि 2 जोन में बांटी गई व्यवस्था का पूरा पर्यवेक्षण DCP नयी दिल्ली द्वारा किया जाएगा.
डीसीपी ने कहा, ‘जोन-ए की निगरानी संसद मार्ग और कनॉट प्लेस जैसे स्थानों पर अतिरिक्त डीसीपी-1 द्वारा की जाएगी. साथ ही जोन-B की निगरानी चाणक्य पुरी, बाराखंभा रोड, तुगलक रोड जैसे स्थानों पर अतिरिक्त DCP-2 द्वारा की जाएगी. वहां 4 एसीपी, 23 निरीक्षक, 648 पुलिस कर्मचारी, 100 होमगार्ड, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 11 कंपनियां तैनात की जाएगी.’
पुलिस ने बताया कि 2 एंबुलेंस वैन, दमकल की 2 गाड़ियां, जेल वैन दो, बम निरोधक दस्ते की दो टीम, 28 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, एसडब्ल्यूएटी की दो टीम, पराक्रम वाहनों की तीन टीम, 33 एमपीवी, 30 मोटरसाइकिल गश्ती दल, 43 पैदल गश्ती दल, 29 सीमा चौकियां, पार्किंग स्थलों पर 30 वाहन जांच दल, सादे कपड़ों में सात निगरानी दल और पांच गिरफ्तारी दल तैनात किए जाएंगे. पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर को शाम 7 बजे से कनॉट प्लेस की ओर जाने वाली बसों का मार्ग बदल दिया जाएगा और रात 9 बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के निकास द्वार बंद कर दिए जाएंगे.
(इनपुट: एजेंसी से भी)