महागठबंधन ने शुरू कर दी बिहार चुनाव की तैयारी, तेजस्वी ने सरकार बनने पर 200 यूनिट फ्री बिजली का किया वादा

Bihar News: बिहार में अगले साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं. राजद नेता तेजस्वी यादव ने हाल में संपन्न उपचुनाव में पार्टी की हार पर भी बात की.

Published: December 4, 2024 6:08 PM IST

By Parinay Kumar

Tejashwi Yadav

Bihar News: बिहार में अगले साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में राजनीतिक पार्टियां अभी से ही जुट गई हैं. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को आगामी विधानसभा चुनाव में ‘महागठबंधन’ की सरकार बनने पर उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया. पूर्व उपमुख्यमंत्री ने मुंगेर में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि राजद अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनता के साथ साझा किया जाने वाला एक ‘रोडमैप’ तैयार कर रही है.

‘बिजली की कई परेशानियों से जूझ रही जनता’

उन्होंने कहा, ‘राज्य के लोग अत्यधिक बिजली दरों और ‘स्मार्ट प्रीपेड मीटर’ द्वारा अनियमित बिजली बिल से जूझ रहे हैं. हम बिलों को सही और 200 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान कर लोगों को राहत पहुंचाने का इरादा रखते हैं. हम सत्ता में आने पर ऐसा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन तब तक हम इसके लिए नीतीश कुमार सरकार पर दबाव बनाएंगे.’ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब वह नहीं रहे जो वे थे. अब वे एक ऐसे गठबंधन के मात्र मुखौटे बनकर रह गए हैं, जो राज्य में सत्ता संभाल रहा है.

नीतीश कुमार पर बोला हमला

राजद नेता ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) सुप्रीमो पर केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार का अभिन्न अंग होने के बावजूद बिहार को विशेष दर्जा दिलाने और वंचित जातियों के लिए बढ़ा हुआ कोटा प्रदान करने वाले कानूनों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जल्द ही निकाली जाने वाली महिला संवाद यात्रा को ‘सार्वजनिक धन का दुरुपयोग बताते हुए आरोप लगाया और कहा कि नौकरशाही को लूट में लिप्त होने की खुली छूट दी गई है. इस यात्रा के लिए 250 करोड़ रुपये का बजटीय आवंटन किया गया है.

उपचुनाव में हार पर क्या बोले?

तेजस्वी ने हाल ही में बिहार विधानसभा उपचुनावों में अपनी पार्टी की हार पर कहा, ‘उपचुनाव कभी भी इस बात का संकेत नहीं होते कि विधानसभा चुनाव में क्या होने वाला है. ऐसा कई बार देखा गया है. यह भी याद रखें कि 2020 में महागठबंधन लगभग बहुमत के करीब पहुंच गया था.’

(इनपुट: एजेंसी)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Bihar की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.