Maha kumbh 2025: प्रयागराज महाकुंभ के लिए तैयार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा का सरकार ने बनाया 'फूल प्रूफ प्लान'

Maha kumbh 2025: महाकुंभ के लिए प्रयागराज शहर पूरा सज चुका है. गंगा-यमुना के संगम के दोनों किनारों पर दूर-दूर तक तंबुओं का नया शहर बसा हुआ दिख रहा है.

Published: December 30, 2024 2:31 PM IST

By Parinay Kumar

Maha kumbh Mela 2025
Maha kumbh Mela 2025

Maha kumbh Mela 2025: प्रयागराज में 12 साल बाद होने जा रहे महाकुंभ की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. महाकुंभ को लेकर शहर को भी सजाया जा रहा है. गंगा और यमुना के संगम के दोनों किनारों पर दूर-दूर तक तंबुओं का नया शहर भी बसा हुआ दिख रहा है. जनवरी 2025 में प्रयागराज में आयोजित होने जा रहे इस महापर्व को दिव्य और भव्य स्वरूप देने में जुटी प्रदेश की योगी सरकार इसकी परंपराओं का संरक्षण करते हुए कुंभ नगरी की सांस्कृतिक धरोहरों का भी संरक्षण कर रही है. ‘मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ महाकुंभ में आने वाले 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें सुगमता से मेले तक पहुंचाने के साथ ही सकुशल घर वापसी का ‘फुल प्रूफ़ प्लान’ तैयार किया गया है.

क्या है तैयारी?

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अगले महीने प्रयागराज में शुरू हो रहे महाकुंभ की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने मजबूत सात चक्रीय सुरक्षा घेरा बनाया है, जिसमें प्रयागराज पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. प्रयागराज पुलिस कुम्भ मेला पुलिस के लिए बाहरी घेरे का काम करेगी. उन्होंने बताया कि इस बाहरी घेरे को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रयागराज पुलिस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अस्थाई पुलिस थाने और चौकियां स्थापित की हैं. इसके अलावा पीएसी, एनडीआरएफ, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, बीडीडीएस, एएस चेक टीम मुस्तैदी से तैनात रहेंगी. कुंभ मेले के दौरान मेला क्षेत्र के अलावा शहर और ग्रामीण क्षेत्रो के लिए पुलिस फोर्स रिजर्व में भी रहेंगी.

अस्थाई थाने और चौकियां स्थापित

सूत्रों ने बताया कि प्रयागराज पुलिस आयुक्तालय में अब 44 नहीं बल्कि 57 थाने होंगे. रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, हवाई अड्डे और अन्य मार्गो से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित मेला क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने नए अस्थाई थाने और चौकियां स्थापित की हैं. प्रयागराज के पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि 13 अस्थाई पुलिस थाने और 23 चौकियां स्थापित की जा रही हैं. साथ ही अर्द्धसैनिक बल, पीएसी, बम निरोधक दस्ता और अन्य बल भी तैनात रहेंगे. आयुक्तालय क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 10 हज़ार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है.

Image

पुलिस बल की भारी तैनाती

पुलिस आयुक्त ने बताया कि कुंभ मेला क्षेत्र की तरफ जाने वाले और वापसी के विभिन्न मार्गों को चिन्हित किया गया है. इन्हीं मार्गों पर प्रमुख रूप से अस्थायी थाने और चौकियां स्थापित की गई हैं और अन्य पुलिस बल की तैनाती की जा रही है. इससे यातायात व्यवस्था सुचारू रहे, साथ ही बड़ी तादाद में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके. उन्होंने बताया कि साथ ही आठ जोन और 18 सेक्टर भी बनाए गए हैं, जिनमें क्रमशः अपर पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी प्रभारी बनाए गए हैं.

(इनपुट: एजेंसी) 

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Faith Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.