By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
विक्रांत मैसी की फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ जब से थिएटर्स में रिलीज हुई है, तभी से चर्चा में है. बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के साथ-साथ कई बड़े राजनेता इस फिल्म को सपोर्ट कर रहे हैं. इस बीच, मध्यप्रदेश सरकार ने फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को यह घोषणा की और कहा कि वह भी फिल्म देखने जाएंगे.
यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, यह (द साबरमती रिपोर्ट) एक बहुत अच्छी फिल्म है. मैं खुद फिल्म देखने जाऊंगा. मैंने अपने मंत्रियों, विधायकों और सांसदों से भी यह फिल्म देखने को कहा है. हम इसे राज्य में टैक्स फ्री करने जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें. उन्होंने कहा कि यह (गोधरा कांड) अतीत का एक काला अध्याय है और फिल्म के माध्यम से सच्चाई सामने आएगी.
विपक्ष पर वोट बैंक के लिए गोधरा कांड पर ‘गंदी राजनीति’ करने का आरोप लगाते हुए यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य और देश का सम्मान बचाया. आपको बता दें कि जिस समय गोधरा ट्रेन अग्निकांड हुआ था उस वक्त मोदी जी गुजरात के मुख्यमंत्री थे. ऐसे में रिलीज होने के बाद से यह फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है. भाजपा के शीर्ष नेताओं का कहना है कि ये फिल्म गोधरा ट्रेन अग्निकांड का सच सामने लाएगी. क्योंकि इस अग्निकांड के कारण गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे.
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म का जिक्र करते हुए कहा, कि एक फर्जी कहानी सीमित समय तक ही चल सकती है. सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा, बहुत बढ़िया कहा आपने। यह अच्छी बात है कि यह सच्चाई सामने आ रही है और वह भी इस तरह से कि आम लोग इसे देख सकें. एक झूठी कहानी सीमित समय तक ही चल सकती है. आखिरकार, तथ्य हमेशा सामने आते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें