BPSC परीक्षा विवाद: छात्रों को उकसाया, सड़क पर हंगामा किया...BPSC प्रदर्शन मामले में प्रशांत किशोर पर केस दर्ज

रविवार को बीपीएससी परीक्षा के आंदोलनरत अभ्यर्थियों के साथ प्रशांत किशोर भी शामिल हुए. पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया.

Updated: December 30, 2024 12:09 AM IST

By Gargi Santosh

BPSC परीक्षा विवाद: छात्रों को उकसाया, सड़क पर हंगामा किया...BPSC प्रदर्शन मामले में प्रशांत किशोर पर केस दर्ज

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) को रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी अब सड़क पर उतर गए हैं. रविवार को आंदोलनरत अभ्यर्थी गांधी मैदान पहुंचे और वहां से मुख्यमंत्री आवास की ओर पैदल कूच किया. इस बीच, अभ्यर्थियों के साथ जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी शामिल हुए.

पुलिस ने छात्रों को हटाने के लिए किया लाठीचार्ज

प्रदर्शन कर रहे छात्रों को रोकने के लिए बिहार पुलिस ने लाठीचार्ज किया. छात्र तब भी नहीं मानें, तो उन्होंने अभ्यर्थियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. अब खबर आई है कि प्रशांत किशोर, उनकी पार्टी के अध्यक्ष समेत 600-700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया प्रशासन ने कल ही स्पष्ट कर दिया था कि पटना के गांधी मैदान में कोई भी प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होगी. इसके बावजूद प्रदर्शनकारी वहां रविवार को इकट्ठा हुए.

नीतीश कुमार से मिलना चाहते हैं छात्र

बताया जा रहा है कि प्रदर्शन कर रहे छात्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) से मिलकर उनके सामने अपनी मांग रखना चाहते हैं. इसी को लेकर वह रविवार को सीएम आवास की ओर आगे बढ़ रहे. आंदोलनरत अभ्यर्थियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.

छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल

5 छात्रों की कमेटी से मिलेंगे मुख्य सचिव

खबर है कि सरकार के प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है, कि सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर चर्चा के लिए तैयार है. सरकार का कहना है कि छात्रों की 5 सदस्यीय कमेटी अभी मुख्य सचिव से बात करेगी. इससे छात्रों की समस्याओं और मांगों पर कुछ निर्णय लिया जा सकेगा. इस पर प्रशांत किशोर ने कहा, कि हम लोगों ने दिन भर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया.

आंदोलनरत अभ्यर्थियों के साथ आए प्रशांत किशोर

इससे, पहले बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गांधी मैदान पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया. प्रशांत किशोर ने छात्रों की एक कमेटी बनाने और धरना जारी रखने की बात कही. इसके बाद किशोर ने सरकार को दो दिन का समय देने की वकालत की. लेकिन, अभ्यर्थी नहीं माने और रविवार को ही मार्च करने का निर्णय लिया.

CM नीतीश से मिलकर बात करने चाहते हैं छात्र

अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. बावजूद इसके, अभ्यर्थी जेपी गोलंबर तक पहुंचने में सफल रहे. खबर लिखे जाने तक छात्र वहीं प्रदर्शन कर रहे हैं. उनका कहना है कि जब तक मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांगें नहीं रख देते, प्रदर्शन करते रहेंगे.

पिछले 12 दिन से धरने पर बैठे हैं छात्र

बता दें कि बीपीएससी 70वीं परीक्षा के पीटी को रद्द करने की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर पिछले 12 दिन से धरने पर बैठे हैं. जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर शनिवार को गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर भी प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच पहुंचे थे. फिर, रविवार को गांधी मैदान में छात्र संसद की घोषणा की थी.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Bihar की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.