By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) का कार्यकाल 20 जनवरी, 2025 को खत्म हो रहा है. खबर है कि इसी दिन डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे. कार्यकाल खत्म होने से पहले बाइडेन ने यूक्रेन के लिए एक बड़ी घोषणा की है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार को यूक्रेन के लिए 2.5 बिलियन डॉलर की अतिरिक्त सुरक्षा सहायता की घोषणा की.
बाइडेन ने एक बयान में कहा, मेरे निर्देश पर, संयुक्त राज्य अमेरिका मेरे कार्यकाल के बाकी बचे दिन में युद्ध में यूक्रेन की स्थिति को मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाता रहेगा. ऐसा माना जा रहा है कि 2.5 बिलियन डॉलर से यूक्रेन को काफी राहत मिल सकती है.
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति के ऐलान में 1.25 बिलियन डॉलर की सैन्य सहायता और 1.22 बिलियन डॉलर का ‘यूक्रेन सुरक्षा सहायता पहल पैकेज’ शामिल है. जो बाइडेन के कार्यकाल का अंतिम यूएसएआई पैकेज है.
यूएसएआई के तहत सैन्य उपकरण अमेरिकी स्टॉक से प्राप्त करने के बजाय रक्षा उद्योग या साझेदारों से खरीदे जाते हैं. जिसका अर्थ है कि उन्हें युद्ध के मैदान में पहुंचने में महीनों या वर्षों का समय लग सकता है.
इससे पहले 18 दिसंबर को ब्रिटिश रक्षा सचिव जॉन हीली ने घोषणा की थी, कि यूके ने नौसेना के ड्रोन, वायु रक्षा प्रणाली और तोपखाने सहित नए सहायता पैकेज के साथ यूक्रेन को अपना सैन्य समर्थन बढ़ा दिया है. हीली ने एक इंटरव्यू में कहा कि ब्रिटेन के नेतृत्व वाले बहुराष्ट्रीय सैन्य अभियान ऑपरेशन इंटरफ्लेक्स के तहत यूक्रेनी सैनिकों के लिए प्रशिक्षण 2025 में भी जारी रहेगा.
ब्रिटिश रक्षा सचिव ने कहा, कीव के लिए ब्रिटेन का समर्थन ‘अडिग’ है और ब्रिटेन हमेशा ‘पुतिन को जीतने से रोकने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा.’ जुलाई में, नई लेबर सरकार ने 2030-2031 तक यूक्रेन को प्रति वर्ष 3 बिलियन पाउंड की सैन्य सहायता देने का संकल्प लिया था. यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को तीन वर्ष पूरे होने वाले हैं.
(इनपुट-एजेंसी के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें